आसनसोल हेड पोस्ट ऑफिस के पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल से मची अफरा-तफरी
आसनसोल, 26 फ़रवरी (हि.स.)।
आसनसोल अदालत में बम होने का ईमेल मिलने से अदालत परिसर में खलबली मच गई थी। इसी क्रम में गुरुवार को आसनसोल के जीटी रोड स्थित बाजार क्षेत्र में बने हेड पोस्ट ऑफिस परिसर के पासपोर्ट कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस संबंध में कार्यालय के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कोमल सिंह ने बताया कि कोलकाता कार्यालय से उन्हें सूचना मिली कि आसनसोल हेड पोस्ट ऑफिस में बम रखा गया है, जो दोपहर 1:15 बजे फटने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन को खबर दी गई और एहतियातन पासपोर्ट कार्यालय तथा हेड पोस्ट ऑफिस को तत्काल खाली करा लिया गया।
पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच कर रही है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस द्वारा क्लीन चिट दिए जाने के बाद ही पासपोर्ट कार्यालय और हेड पोस्ट ऑफिस में दोबारा कामकाज शुरू किया जाएगा।
अचानक आई धमकी के कारण उन लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जो पासपोर्ट बनवाने के लिए कार्यालय पहुंचे थे। कार्यालय खाली करवा दिए जाने के बाद उन्हें बिना काम कराए लौटना पड़ा। अब उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं है कि अगली तारीख कब दी जाएगी।
प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

