कोलकाता हाई कोर्ट समेत राज्य की सात अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप
आसनसोल, 24 फ़रवरी (हि. स.)। कोलकाता हाई कोर्ट सहित राज्य की सात अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा ई-मेल मिलने से कोर्ट परिसरों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और सभी जगहों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता ही नहीं, बल्कि राज्य के पांच जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। कोलकाता हाई कोर्ट के अलावा आसनसोल, दुर्गापुर, बहरमपुर, सिउड़ी, रामपुरहाट और अलीपुर अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है।
आसनसोल के डिस्ट्रिक्ट जज देव प्रसाद नाथ के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 11:30 बजे ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर करीब एक बजे अदालत परिसर में विस्फोट करने की बात कही गई थी। ई-मेल मिलते ही उन्होंने तत्काल सभी न्यायिक कार्य स्थगित कर कोर्ट परिसर को खाली कराने का आदेश दिया। इसकी सूचना आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को भी दी गई। सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे कोर्ट परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया। आम लोगों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगा दी गई। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाकर कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है।
धमकी भरे ई-मेल में अदालत कक्ष और जज के चेंबर में विस्फोटक रखे होने का दावा किया गया है। कई गंभीर और आपत्तिजनक दावे भी किए गए हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
सूत्रों के अनुसार ईमेल बांग्ला भाषा में भेजा गया है और उसकी साइबर जांच शुरू कर दी गई है। ईमेल आईडी और तकनीकी स्रोत की पहचान करने के लिए साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है।
खबर लिखे जाने तक किसी भी परिसर से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

