विपक्षी नेताओं के घर पहुंच रहे तृणमूल विधायक असित मजूमदार, अटकलें तेज
हुगली, 15 मार्च (हि. स.)। जिले के चुचुड़ा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक असित मजूमदार को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पिछले कुछ दिनों से वह सुबह होते ही विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं के घर जाकर उनका हालचाल ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कभी वह अस्वस्थ पंचायत के भाजपा विपक्षी दल के नेता से मिलने अस्पताल पहुंच रहे हैं, तो कभी कैंसर से पीड़ित किसी माकपा नेता के के घर जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार सुबह चुचुड़ा के श्यामबाबू घाट इलाके में पूर्व पार्षद और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के नेता प्रबीर राय के अस्वस्थ होने की खबर मिलने पर विधायक उनके घर पहुंचे और काफी देर तक बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने हर संभव सहयोग और साथ देने का भरोसा दिया।
प्रबीर राय ने बताया कि तृणमूल विधायक पहले भी इलाके की समस्याओं में उनके साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम भले ही विपक्ष में हों, लेकिन उनमें मानवीयता है। राजनीतिक विचारधाराओं में अंतर हो सकता है, पर इंसान के तौर पर इंसान के साथ खड़ा होना चाहिए।
वहीं, विधायक असित मजूमदार ने इसे महज शिष्टाचार बताया। उन्होंने कहा कि अस्वस्थता की खबर मिलने पर मैं उनसे मिलने आया था।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रविवार को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की घोषणा होने के बाद एक-दो दिनों में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। ऐसे में यह अभी स्पष्ट नहीं है कि चुचुड़ा सीट से असित मजूमदार को फिर से उम्मीदवार बनाया जाएगा या नहीं।
कुछ राजनीतिक हलकों का मानना है कि खुद को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए विधायक इन दिनों विपक्षी नेताओं के घरों पर जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

