home page

गर्मी से बीमार हुए चुचुड़ा के विधायक असित मजूमदार, अस्पताल में भर्ती

 | 
गर्मी से बीमार हुए चुचुड़ा के विधायक असित मजूमदार, अस्पताल में भर्ती


हुगली, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चुचुड़ा से निवर्तमान विधायक असित मजूमदार गर्मी की वजह से बीमार पड़ गए हैं। शनिवार को उन्हें हुगली के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

असित मजूमदार ने बताया कि वह तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी देवांशु भट्टाचार्य के समर्थन में चुनाव प्रचार के दौरान तेज गर्मी की चपेट में आ गए, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें ‘लू’ लगने के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हुई हैं। उनके रक्तचाप में उतार-चढ़ाव, पेट में संक्रमण और डायबिटीज से जुड़ी परेशानियां भी सामने आई हैं। फिलहाल उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और अगले कुछ दिनों तक पूर्ण आराम की सलाह दी गई है।

असित मजूमदार ने कहा, “प्रचार के दौरान लू लगने से मैं बीमार पड़ गया। डॉक्टरों ने मुझे आराम करने को कहा है, इसलिए फिलहाल मैं चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा।”

गौरतलब है कि टिकट नहीं मिलने पर असित मजूमदार नाराज हो गए थे और उन्होंने राजनीति छोड़ने की बात भी कही थी। बाद में पार्टी नेतृत्व के समझाने पर वह सक्रिय हुए, लेकिन इसके बाद उन्होंने हुगली से तृणमूल सांसद रचना बनर्जी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कई आरोप भी लगाए।

हालांकि, हाल के दिनों में वह चुचुड़ा सीट से पार्टी उम्मीदवार देवांशु भट्टाचार्य के साथ नियमित रूप से चुनाव प्रचार में नजर आ रहे थे। अब स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने प्रचार से दूरी बनाने का फैसला किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय