home page

टिकट न मिलने पर असित मजूमदार का फूटा गुस्सा, रचना बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप

 | 
टिकट न मिलने पर असित मजूमदार का फूटा गुस्सा, रचना बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप


हुगली, 29 मार्च (हि. स.)। चुचुड़ा के निवर्तमान विधायक असित मजूमदार एक बार फिर खुलकर सामने आए और पार्टी के भीतर ही नाराजगी जाहिर की। आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से पहले से ही असंतुष्ट चल रहे मजूमदार ने अब सांसद रचना बनर्जी पर गुटबाजी के आरोप लगाए हैं।

रविवार को पत्रकार वार्ता में असित मजूमदार ने साफ तौर पर कहा कि रचना बनर्जी नहीं चाहतीं कि इस बार के उम्मीदवार देवांशु भट्टाचार्य चुनाव जीतें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देवांशु का परिणाम खराब होता है तो उसकी जिम्मेदारी रचना बनर्जी की होगी।

मजूमदार ने कहा कि रचना सबको साथ लेकर चलने में विश्वास नहीं करतीं, जबकि अभिषेक बनर्जी बार-बार सभी को साथ लेकर चलने की बात कहते हैं। इसके बावजूद वह ऐसा नहीं कर रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रचना ने ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने उनकी छवि खराब की, जिसकी वजह से उन्हें टिकट नहीं मिला।

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अभी भी वे विधायक हैं, लेकिन पार्टी के कार्यक्रमों में उनका नाम तक नहीं लिया जा रहा। “रचना रैली करेगी और आदेश देगी, यह मैं स्वीकार नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि 74 विधायकों का अपमान किया गया है जिन्हें टिकट नहीं मिला।

रचना बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए मजूमदार ने कहा कि वे लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं और जमीनी स्तर पर संघर्ष किया है, जबकि कुछ लोग अब आकर पार्टी को सिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रचना बनर्जी नेतृत्व को गलत जानकारी देकर स्थिति बिगाड़ रही हैं।

यहां तक कि उन्होंने रचना बनर्जी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो चुचुड़ा से निर्दलीय चुनाव लड़ें, मैं भी निर्दलीय लड़ूंगा। अगर मैं उनसे ज्यादा वोट नहीं लाया तो सिर मुंडाकर पूरे हुगली जिले में घूमूंगा।

वहीं, रचना बनर्जी ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नए उम्मीदवार का चयन पार्टी सुप्रीमो और अभिषेक बनर्जी करते हैं, जबकि पुराने उम्मीदवारों की वापसी जनता के विश्वास और काम के आधार पर तय होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में आईपैक की भी भूमिका होती है और उसी आधार पर उम्मीदवार तय किए जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय