पांचवीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, इलाके में शोक
पश्चिम मेदिनीपुर, 16 अगस्त (हि. स.)। जिले के चंद्रकोना रोड थाना अन्तर्गत आंधार नयन इलाके में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय की शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा पूरी नहीं होने पर पांचवीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मृत छात्रा की पहचान 11 वर्षीय अंकिता हेम्ब्रम के रूप में हुई है। वह आंधार नयन विद्यालय में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी।
परिवार के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय में शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। अंकिता भी इसमें शामिल होना चाहती थी। इसके लिए उसने चूड़ी, आभूषण और पोशाक खरीदने की इच्छा जताई थी।
परिवार के अनुसार, अंकिता ने अपनी मां से उक्त सामान खरीदने का आग्रह किया था। मां ने उससे कहा कि पिता के घर लौटने के बाद उसकी इच्छा पूरी की जाएगी। इसके बाद अंकिता अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद कमरे से अंकिता का फंदे से लटका शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
शनिवार रात अंकिता के पिता विश्वनाथ हेम्ब्रम ने बताया कि विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शोभायात्रा आयोजित की गई थी। उसमें शामिल होने के लिए बेटी ने कपड़े और कुछ अन्य सामान खरीदने की इच्छा जताई थी। मां ने पिता के आने के बाद सामान खरीदने की बात कही थी। इसके बाद ही यह घटना हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

