बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए राहत सेवा, डेढ़ हजार लोगों के लिए आहार की व्यवस्था
कोलकाता, 30 अगस्त (हि. स.)। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की सहायता के लिए संत श्री आशारामजी बापू आश्रम ट्रस्ट, की कोलकाता शाखा के तत्वावधान में श्री योग वेदान्त सेवा समिति एवं युवा सेवा संघ की ओर से चंदनखाली गांव में राहत सेवा अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान करीब डेढ़ हजार बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए पौष्टिक खिचड़ी भंडारे की व्यवस्था की गई। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरण के लिए 200 किलोग्राम मुढ़ी, 200 किलोग्राम चूड़ा, 200 किलोग्राम सत्तू, 200 किलोग्राम गुड़, 200 किलोग्राम चनाचूर और 200 किलोग्राम बिस्किट उपलब्ध कराए गए। राहत सामग्री के वितरण के लिए 400 बैग भी उपलब्ध कराए गए।
बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच प्रभावित ग्रामीणों तक भोजन और आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने में सेवा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजकों ने बताया कि जरूरतमंदों और आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के उद्देश्य से विभिन्न राहत एवं सेवा गतिविधियां लगातार संचालित की जाती रही हैं।
आयोजकों ने राहत अभियान में सहयोग करने वाले सभी सेवाभावी नागरिकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

