आशा कर्मी की मौत के बाद परिजनों से मिला तृणमूल प्रतिनिधिमंडल, मुआवजे समेत मांगें रखी
बांकुड़ा, 07 अगस्त (हि. स.)। जिले के गंगाजलघाटी ब्लॉक इलाके में मृत आशा कर्मी के परिजनों से शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान पार्टी की ओर से मृतक के परिवार के लिए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को वैकल्पिक रोजगार और उनकी बेटी को सरकारी सहायता सहित कई मांगें रखी गईं।
बताया जा रहा है कि बांकुड़ा जिले की आशा कर्मी रूम्पा मंडल पिछले कुछ समय से कथित तौर पर अत्यधिक मानसिक तनाव और काम के दबाव के कारण बीमार हो गई थीं। इसी महीने उनकी मौत हो गई।
मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा विधायक चंदना बाउरी पर आशा कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने और बातचीत के दौरान कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। हालांकि, भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के इन आरोपों को खारिज किया है।
तृणमूल प्रतिनिधिमंडल ने मृत आशा कर्मी के परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन देते हुए सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने, एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने तथा मृतका की बेटी की शिक्षा और भविष्य के लिए सरकारी सहयोग सुनिश्चित करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

