आसनसोल के सुकांतो मैदान में गुटों में मारपीट, कई घायल
आसनसोल, 23 अगस्त (हि.स.)।
आसनसोल दक्षिण थाना अंतर्गत सुकांतो मैदान इलाके में शनिवार रात बच्चों के बीच पुराने विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में भारी संख्या में जवानों की तैनाती कर दी और गश्त बढ़ा दी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुकांतो मैदान वार्ड संख्या 42 और 43 के बीच स्थित है, जहां आसपास के बच्चे और युवक अक्सर खेलने व बैठने के लिए आते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार रात बच्चों के खेलने और बैठने को लेकर पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बड़ों तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
एक पक्ष के मोहम्मद सफीकुल्लाह खान ने आरोप लगाया कि उनका भाई सुकांतो मैदान में बैठा हुआ था, तभी कुछ लोग समूह बनाकर वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान उसके सिर में चोट लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय निवासी शफीकुल्लाह खान ने आरोप लगाया कि सत्ता परिवर्तन के बाद से कुछ लोगों को निशाना बनाकर मारपीट की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, स्थानीय निवासी मानिक ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से सुकांतो मैदान इलाके में अशांति पैदा करने की कोशिश की जा रही है और बच्चों को भी विवाद में खींचा जा रहा है। उन्होंने नामोपाड़ा के कल्लू और उसके गुट के लोगों पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया। इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद एक पक्ष की महिलाओं ने सड़क जाम कर विरोध जताया। सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। सड़क जाम हटवाने के साथ ही इलाके में एहतियातन पुलिस पिकेटिंग और गश्त बढ़ा दी गई।
मौके पर थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी के साथ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। देर रात डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला बच्चों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। कुछ स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि इसे सांप्रदायिक विवाद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए और बच्चों के बीच हुए विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने की जरूरत है।
इस बीच पुलिस की ओर से दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों, बुजुर्गों और युवाओं को लेकर एक शांति कमेटी बनाने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य भविष्य में छोटी-छोटी गलतफहमियों को बातचीत के जरिए सुलझाना और इलाके में आपसी भाईचारा बनाए रखना है।
फिलहाल सुकांतो मैदान और आसपास के इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

