निर्दलीय उम्मीदवार राजन्या हलदर ने किया चुनाव प्रचार, पूर्व विधायकों पर साधा निशान
आसनसोल, 24 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की बहुचर्चित तृणमूल नेत्री रही रजान्या हलदार ने मंगलवार को आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के महिशीला कॉलोनी में बडतल्ला इलाके में चुनाव प्रचार शुरू किया। उसके बाद से ही पश्चिम बर्दवान जिले के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। यहां से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पूर्व तृणमूल युवा नेता ने मंगलवार को अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की।
सुबह उन्होंने घाघर बूढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह महिशीला के बडतला इलाके में प्रचार के लिये पहुंचीं। जहां उन्होंने लोगों से संवाद किया और एक अलग तरह का राजनीतिक माहौल बनाने की अपील की।
इस दौरान राजन्या हलदर ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार दोनों की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि तृणमूल कांग्रेस ने आसनसोल दक्षिण के स्थानीय नेता अशोक रुद्रो को उम्मीदवार नहीं बनाकर तापस बनर्जी को उम्मीदवार बनाया। जबकि तापस बनर्जी आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से पहले भी जीतकर विधायक रह चुके थे। उसके बाद भी उन्हें वहां से हटाकर रानीगंज भेज दिया गया था। इसके पीछे कुछ तो कारण रहा होगा।
राजन्या के मुताबिक, जिसके पीछे उन्होंने संभावित वित्तीय लेन-देन या अन्य कारण होने की बात कही। वहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मजदूरों और शिक्षकों के लिए आंदोलन करने वाले अशोक रुद्र को पार्टी ने नजरअंदाज किया।
भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल पर हमला करते हुए राजन्या हलदर ने कहा कि वह इस क्षेत्र की बेटी होने के बावजूद विकास के लिए सक्रिय नहीं रहीं। वह ज्यादातर समय कोलकाता में ही रहीं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में आने पर उन्हें “वापस जाओ” जैसे नारों का सामना करना पड़ता है।
अंत में, राजन्या हलदर ने मतदाताओं से अपील की कि वे पारंपरिक राजनीति से अलग एक नया माहौल बनाने के लिए उनका समर्थन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

