home page

आसनसोल के रेलपार में कारोबारी मोहम्मद एबरार आलम उर्फ 'मिस्टर' के आवास पर एसटीएफ की छापेमारी

 | 
आसनसोल के रेलपार में कारोबारी मोहम्मद एबरार आलम उर्फ 'मिस्टर' के आवास पर एसटीएफ की छापेमारी


पश्चिम बर्दवान, 23 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल के रेलपार क्षेत्र में गुरुवार को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ट्रांसपोर्टर एवं व्यवसायी मोहम्मद एबरार आलम उर्फ 'मिस्टर' के आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई घंटों तक आवास की गहन तलाशी ली, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई।

सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ की टीम ने छापेमारी के दौरान विभिन्न दस्तावेजों, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्रियों की बारीकी से जांच की। हालांकि जांच की कारणों को लेकर अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, एबरार आलम उर्फ 'मिस्टर' आसनसोल और धेमोमेन क्षेत्र में रेलवे रेक संचालन के ठेके से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा उनका नाम भूमि खरीद-बिक्री, प्लॉटिंग तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाता है।

बताया जाता है कि उनके भाई नन्हे भी इन कारोबारों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इन कारोबारी गतिविधियों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

एसटीएफ की कार्रवाई की खबर फैलते ही रेलपार क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। दिनभर इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। हालांकि किसी की गिरफ्तारी, बरामदगी या किसी आपराधिक मामले में एबरार आलम की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

एसटीएफ की ओर से न तो छापेमारी के कारणों का खुलासा किया गया है और न ही जांच से जुड़ी किसी संभावित कार्रवाई पर कोई टिप्पणी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आवश्यक तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

दोपहर लगभग ढाई बजे एसटीएफ रेलपार स्थित मिस्टर की आवास से निकल गई।

इस मामले में कार्रवाई में कोई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आते हैं, तो आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा