home page

आसनसोल में युवक की कथित हत्या पर बवाल, दो गिरफ्तार

 | 
आसनसोल में युवक की कथित हत्या पर बवाल, दो गिरफ्तार


आसनसोल, 25 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल साउथ पीपी अंतर्गत आसनसोल के सेन रेल रोड स्थित अनन्या कॉम्प्लेक्स में एक व्यक्ति की पीट कर कथित हत्या की घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक का नाम देवदीप चटर्जी है।

इस घटना के विरोध में शनिवार को कांग्रेस नेताओं, स्थानीय निवासियों और मृतक के परिजनों ने शव को आसनसोल साउथ पुलिस पोस्ट के सामने रखकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे आरोपितों की गिरफ्तारी होने तक शव नहीं हटाया जाएगा।

आसनसोल उत्तर से कांग्रेस उम्मीदवार प्रसनजीत पुइतुंडी ने आरोप लगाया कि बीती रात इलाके के तृणमूल पार्षद के गुंडों ने देवदीप चटर्जी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि देवदीप को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उनकी मौत हो गई। उनका दावा है कि हमलावरों ने देवदीप के सिर के पीछे गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उनकी मौत हो गई।

प्रसनजीत पुइतुंडी ने बताया कि मृतक के परिवार ने उन्हें रात में घटना की जानकारी नहीं दी थी। शनिवार को जानकारी मिलने पर वह मृतक के घर पहुंचे। बाद में देवदीप को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कांग्रेस नेता शाह आलम ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जब तक सीसीटीवी फुटेज में कैद दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक साउथ पुलिस पोस्ट का घेराव जारी रहेगा। दोपहर करीब एक बजे से लगभग ढाई घंटे तक शव को थाने के सामने रखकर प्रदर्शन जारी रहा, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में एसीपी मौके पर पहुंचे और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविउल आलम और शुभदीप मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि शुभदीप मंडल के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत थे। दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मामला शांत हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पत्नी तथा बेटे का बयान दर्ज किया गया है। वहीं, स्थानीय पार्षद अनिमेष दास ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देर रात देवदीप चटर्जी और करुणामयी इलाके के एक व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों पक्षों के बीच मारपीट दिखाई दे रही है, जिसमें देवदीप घायल हुए।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि विवाद पार्किंग या गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ था। बताया जा रहा है कि देवदीप चटर्जी का परिवार किसी शादी-विवाह समारोह से लौट रहा था, तभी यह घटना हुई।

वी. शिवदासन दासु ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस एक मौत पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस निर्वाचन आयोग के नियंत्रण में काम कर रही है और मामले की निष्पक्ष जांच होगी। जो भी दोषी होंगे, उन्हें कानून के मुताबिक सजा मिलेगी।

इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा