home page

आसनसोल के पोलो मैदान में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

 | 
आसनसोल के पोलो मैदान में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास


आसनसोल के पोलो मैदान में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास


बर्दवान, 21 जून (हि.स.)।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आसनसोल के ऐतिहासिक पोलो मैदान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन तथा प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम में राज्य के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, भाजपा विधायक कृष्नेन्दु मुखर्जी, जितेंद्र तिवारी, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम तथा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से आयोजित राज्य स्तरीय योग समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित योग कार्यक्रम तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों की सहभागिता को देखा और उससे प्रेरणा प्राप्त की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपना सकता है।

जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन की ओर से जिला, सब-डिविजन तथा ब्लॉक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सरकारी विभागों, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं तथा आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने स्वैच्छिक रूप से भी सहभागिता की।

उन्होंने कहा कि योग वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित ऐसी जीवनशैली है जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में सहायक होती है। योग किसी भी आयु वर्ग के लोग कर सकते हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव विश्वभर में स्वीकार किया जा चुका है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे योग दिवस को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिम बंगाल ने विभिन्न दौर में कई चुनौतियों का सामना किया है और विकास के लिए केंद्र एवं राज्य के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल ने कई अवसरों पर देश की राजनीति को दिशा देने का काम किया है और आगे भी उसकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

योग के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक शांति और संतुलन का भी आधार है। नियमित योग अभ्यास से तनाव कम होता है, मन को शांति मिलती है और व्यक्ति स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर होता है।

विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा