आसनसोल क्लब में नारी उत्कर्ष मेला का भव्य आयोजन
पश्चिम बर्दवान, 02 अगस्त (हि. स.)। द ऐरा रेड कार्पेट फैशन द्वारा आसनसोल क्लब में नारी उत्कर्ष मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम एवं भगवान श्री गणेश की वंदना के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण हो उठा।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचई) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित करने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी हैं।
अपने संबोधन में डॉ. पोद्दार ने कहा कि नारी ही समाज की वास्तविक शक्ति है। भारतीय संस्कृति में नारी को 'नारायणी' का स्वरूप माना गया है। परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा को उचित मंच एवं सम्मान मिलना समाज के सकारात्मक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में मैथन एलॉयज सीएमडी सुभाष चंद्र अग्रवाल, सीमा दत्ता चटर्जी, दयानंद महाराज, अभय वर्णवाल, सुदीप्तो राय, आशा शर्मा, रूपा गांगुली सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में आयोजक सिमी चटर्जी एवं मेहर राज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

