काली पहाड़ी बाजार में बड़ी चोरी की घटना से इलाके के व्यवसायियों में दहशत
पश्चिम बर्दवान, 26 जून (हि. स.)। आसनसोल के काली पहाड़ी बाजार इलाके में शुक्रवार सुबह एक गहनों की दुकान में हुई चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाकर डीवीआर रिकॉर्डर अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार, दुकान मालिक दिवाकर चौधरी रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। बाहर से सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही उन्हें चोरी की घटना का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार अलमारी के पास से तोड़कर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
दुकान मालिक के मुताबिक, चोर दुकान से करीब एक किलो चांदी, 100 ग्राम सोना और गल्ले में रखे 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद आरोपितों ने सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर रिकॉर्डर भी अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दुकान मालिक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की तलाश जारी है।
व्यापारियों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

