home page

आसनसोल के बंगाल होम्योपैथिक कॉलेज में पेड़ों की कटाई पर विवाद, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में शिकायत

 | 
आसनसोल के बंगाल होम्योपैथिक कॉलेज में पेड़ों की कटाई पर विवाद, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में शिकायत


आसनसोल, 28 जुलाई (हि.स.)।

आसनसोल के बंगाल होम्योपैथिक कॉलेज परिसर में कथित तौर पर करीब 35 बड़े पेड़ों की बिना अनुमति कटाई किए जाने का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। इस संबंध में पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।

स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों का आरोप है कि इतने बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई बिना आवश्यक अनुमति के कैसे की गई। साथ ही यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि यदि अनुमति ली गई थी तो किस विभाग ने इसकी मंजूरी दी और आखिर पेड़ों की कटाई की आवश्यकता क्यों पड़ी।

जानकारी के अनुसार, कॉलेज परिसर लंबे समय से हरियाली से आच्छादित था। अचानक बड़ी संख्या में पेड़ों के काटे जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कुछ लोगों का मानना है कि विकास कार्यों के नाम पर पेड़ों की बलि दी गई, जबकि अन्य इसे प्रशासनिक लापरवाही का मामला बता रहे हैं।

घटना के बाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं पर्यावरण संरक्षण के दावों पर सवाल खड़े करती हैं।

स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया जा सकता है। यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा