home page

आसनसोल में भारी बारिश से घरों में घुसा पानी, छतों पर शरण लेने को मजबूर लोग

 | 
आसनसोल में भारी बारिश से घरों में घुसा पानी, छतों पर शरण लेने को मजबूर लोग


आसनसोल, 18 अगस्त (हि.स.)।

पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल के रेलपार इलाके में लगातार हुई भीषण बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश का पानी कई लोगों के घरों में घुस गया। कुछ इलाकों में पानी की गहराई करीब 5 से 10 फीट तक पहुंचने की बात सामने आई है।

हालात इतने खराब हो गए कि कई परिवारों को मजबूरन अपने घरों को छोड़कर ऊपरी मंजिलों और छतों पर शरण लेनी पड़ी। दो और तीन मंजिला मकानों में रहने वाले लोगों ने रातभर ऊपरी हिस्सों में रहकर किसी तरह समय बिताया, जबकि कई परिवारों ने अपने घर की छत पर शरण ली।

जलजमाव के कारण घरों के अंदर रखा सामान भी प्रभावित हुआ और लोगों के सामने सुरक्षित स्थान पर जाने की समस्या खड़ी हो गई। पानी बढ़ने के बाद कई परिवारों ने घर छोड़कर दूसरे स्थानों की ओर जाना शुरू कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसनसोल नगर निगम के अधिकारी और पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन के अधिकारी विभिन्न जलमग्न इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे। स्थिति को देखते हुए सिविल डिफेंस की टीम को भी राहत और बचाव कार्य में लगाया गया।

रेस्क्यू टीम ने कई जलमग्न घरों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, प्रभावित परिवारों तक खाद्य सामग्री और आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने का काम भी शुरू किया गया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक दलों की ओर से भी प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

भीषण जलजमाव के कारण इलाके के लोगों में प्रशासन और नगर निगम की व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द जल निकासी और राहत कार्य तेज करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा