आसनसोल में खाद्य विभाग का अचानक छापा
पश्चिम बर्दवान, 28 अगस्त (हि.स.)।
आसनसोल शहरवासियों के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के खाद्य विभाग की ओर से शुक्रवार को आसनसोल शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट में अचानक जांच अभियान चलाया गया। विभागीय अधिकारियों की टीम ने भगत सिंह मोड़ से जुबली मोड़ तक स्थित कई छोटे-बड़े रेस्टोरेंट में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव की जांच की।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने रेस्टोरेंट में तैयार किए जा रहे विभिन्न खाद्य पदार्थों के साथ-साथ उनमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की भी जांच की। खाद्य पदार्थों को किस तरह रखा जा रहा है, उनकी गुणवत्ता कैसी है और भोजन तैयार करने में किन सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इन सभी पहलुओं की जांच की गई।
जांच के दौरान कुछ रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंग और संदिग्ध रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। वहीं, खराब, बासी या गुणवत्ता को लेकर संदेह वाले कुछ खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों और कर्मचारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि भोजन में प्रतिबंधित अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रासायनिक पदार्थों और कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों को यह भी निर्देश दिया कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा खाद्य सामग्री के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, शहरवासियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आसनसोल के विभिन्न इलाकों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी जांच की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

