आसनसोल जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की स्टैंडिंग कमेटी की अहम बैठक
आसनसोल, 26 नवंबर (हि. स.)। आसनसोल जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की स्टैंडिंग कमेटी ने महत्वपूर्ण दौरा किया। स्टैंडिंग कमेटी की चेयरमैन दुर्गा मुर्मू के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और चिकित्सा सेवाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अस्पताल के बुनियादी ढांचे के विकास, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, मरीजों और उनके परिजनों को मिलने वाली सुविधाओं तथा आने वाले दिनों में अस्पताल में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को समझने के साथ ही चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। बैठक में अस्पताल के ढांचे को मजबूत करने, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की स्टैंडिंग कमेटी की चेयरमैन दुर्गा मुर्मू, जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद शेख यूनुस, विधायक बिजन मुखर्जी, आसनसोल जिला अस्पताल के नवनियुक्त सुपरिंटेंडेंट डॉ. तपन विश्वास सहित अस्पताल के चिकित्सक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के बाद स्टैंडिंग कमेटी की चेयरमैन दुर्गा मुर्मू और जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद शेख यूनुस ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, निरीक्षण के दौरान सामने आए मुद्दों और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

