home page

जन्माष्टमी पर आसनसोल में ढाक की थाप, 80 वर्ष पुरानी कोर्ट रोड दुर्गा पूजा का हुआ खूंटी पूजन

 | 
जन्माष्टमी पर आसनसोल में ढाक की थाप, 80 वर्ष पुरानी कोर्ट रोड दुर्गा पूजा का हुआ खूंटी पूजन


पश्चिम बर्दवान, 04 सितंबर (हि. स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को आसनसोल में एक ओर जहां “नंद घर आनंद भयो” के जयकारे गूंजे, वहीं दूसरी ओर मां दुर्गा के आगमन की तैयारियों का भी शुभारंभ हो गया। शहर की प्रतिष्ठित और करीब 80 वर्ष पुरानी आसनसोल कोर्ट रोड पूजा कमेटी ने शारदोत्सव 2026 के लिए विधिवत खूंटी पूजा का आयोजन किया।

इस अवसर पर नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल तथा आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी उपस्थित रहे। दोनों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण के लिए पहली खूंटी स्थापित कर आगामी शारदीय उत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ किया।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि वह बचपन से ही कोर्ट रोड दुर्गा पूजा के बारे में जानती हैं। जब वह अपने पिता के साथ इस इलाके से गुजरा करती थीं, तभी से इस पूजा की ख्याति और प्रतिष्ठा के बारे में सुनती रही हैं। उन्होंने कोर्ट रोड पूजा कमेटी को आसनसोल की एक बेहद प्रतिष्ठित और नामी दुर्गा पूजा समिति बताया।

जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए मंत्री ने कहा कि इतने शुभ दिन पर दुर्गा पूजा की तैयारियों का शुभारंभ होना बेहद सुखद है। दुर्गा पूजा को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से भी आवश्यक तैयारियों पर ध्यान दिया जा रहा है और पूजा समितियों को आवश्यकता के अनुसार सहयोग उपलब्ध कराने के संबंध में बैठक की जाएगी।

अग्निमित्रा पाल ने आगामी दुर्गा पूजा के दौरान डेंगू और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए केवल सरकार या किसी एक विभाग के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आम लोगों को भी जागरूक होना होगा।

उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन की ओर से मेगा सफाई और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। वेक्टर कंट्रोल कर्मियों और सफाई कर्मचारियों को लेकर जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं। लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न रहे। पानी की टंकियों की नियमित जांच की जाए तथा टायर, टब, बगीचों के गमलों और अन्य छोटे स्थानों में जमा पानी को हटाया जाए।

मंत्री ने कहा कि डेंगू का खतरा सामान्यतः कुछ महीनों तक अधिक रहता है, लेकिन इस बार लंबे समय तक बारिश होने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की।

आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति पर भी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़कों के रखरखाव पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण कई स्थानों पर लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत और व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाने होंगे।

मंत्री ने शहर में कचरा प्रबंधन और डंपिंग की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर कचरे के ढेर गंभीर समस्या का रूप ले चुके हैं और इस दिशा में स्थायी समाधान की आवश्यकता है। नगर और शहरी विकास विभाग इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर विचार कर रहा है।

जन्माष्टमी के दिन खूंटी पूजा होने से कोर्ट रोड इलाके में दोहरे उत्सव का माहौल देखने को मिला। पूजा कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे। ढाक की थाप और शंखध्वनि के बीच पूरे इलाके में मां दुर्गा के आगमन की तैयारियों की उत्सवी झलक दिखाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा