आसनसोल से सहरसा–फारबिसगंज के लिए डायरेक्ट ट्रेन की मांग तेज
आसनसोल, 23 मार्च (हि.स.)।
आसनसोल के कोयलांचल एवं शिल्पांचल क्षेत्र में रहने वाले बिहार मूल के लाखों लोगों ने एक बार फिर से आसनसोल से सहरसा–फारबिसगंज के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। रविवार शाम आसनसोल चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने उक्त विषय को लेकर सांसद को पत्र दिया। शंभू नाथ झा का कहना है कि आसनसोल, रानीगंज, कुल्टी और आसपास के औद्योगिक इलाकों में बिहार के सहरसा, सुपौल और फारबिसगंज क्षेत्र से आए लाखों लोग वर्षों से रह रहे हैं। इसके बावजूद इस इलाके से सहरसा के लिए अब तक कोई भी सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
रेल मंत्रालय द्वारा दरभंगा के लिए कई ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन सहरसा को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। यात्रियों को सहरसा या फारबिसगंज जाने के लिए कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सहरसा क्षेत्र में इन दिनों मखाना की बेहतर पैदावार हो रही है, जिसकी देशभर में मांग है। लेकिन सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण आसनसोल के व्यापारी इस लाभकारी व्यापार से जुड़ नहीं पा रहे हैं। अगर सीधी ट्रेन सेवा शुरू होती है तो इससे व्यापार को नई गति मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
लोगों की मुख्य मांग है कि आसनसोल से फारबिसगंज के लिए एक नई ट्रेन चलाई जाए, जो बरौनी और सहरसा होते हुए गुजरे। इससे यात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने सांसद से अपील की है कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय के समक्ष रखें और जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस पहल करें, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

