home page

हाट्टन रोड से इस्माइल मोड़ तक चला नगर निगम का बुलडोजर

 | 
हाट्टन रोड से इस्माइल मोड़ तक चला नगर निगम का बुलडोजर


पश्चिम बर्दवान, 15 जून (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम ने सोमवार को शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र हाट्टन रोड से इस्माइल मोड़ तक अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ा अभियान चलाया। सड़क के दोनों किनारों पर अवैध रूप से बने ढांचे और दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। लंबे समय से लंबित यह अभियान आखिरकार प्रशासनिक सख्ती के साथ शुरू हुआ।

कार्रवाई की पूर्व सूचना मिलने के बाद सुबह से ही इलाके में हलचल देखी गई। नगर निगम का बुलडोजर पहुंचते ही कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपने अस्थायी ढांचे और सामान हटाने शुरू कर दिए। कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई से पहले ही अपनी दुकानें खाली कर दी थीं।

अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सुबह से जीटी रोड और इस्माइल मोड़ की ओर से हाट्टन रोड पर यातायात नियंत्रित किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन की निगरानी में अतिक्रमण हटाने का कार्य किया गया।

बताया गया कि हाट्टन रोड को अतिक्रमण मुक्त करने की योजना लंबे समय से लंबित थी। पूर्व में कई बार कार्रवाई की घोषणा की गई, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे लागू नहीं किया जा सका। इस बार नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान को अमलीजामा पहनाया।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का मानना है कि हटन रोड शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल है और सड़क तथा फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता था। अभियान के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और आवागमन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा