पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अधिवक्ता ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
पश्चिम बर्दवान, 29 जून (हि. स.)। आसनसोल कोर्ट के एक अधिवक्ता अभिषेक रुइदास द्वारा पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को एक लिखित शिकायत और ज्ञापन सौंपे जाने का मामला सामने आया है। अधिवक्ता ने बाराबनी थाना क्षेत्र मे आरोपितों को कमर में रस्सी बांधकर सरे बाजार धुमाया जा रहा है। रानीगंज थाना कुछ घटनाओं और पुलिस की कथित भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, यह शिकायत पत्र आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त कार्यालय में जमा किया गया। साथ ही इसकी प्रतियां राज्य और मानवाधिकार से जुड़े विभिन्न संवैधानिक और प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजे जाने का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ मामलों में प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नागरिक अधिकारों तथा कानून व्यवस्था के पालन को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कर संबंधित व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट की जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी या अन्य संबंधित व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता ने कानून के शासन और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिकायत की प्रतियां राज्यपाल, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राज्य मानवाधिकार आयोग, मुख्य सचिव, गृह विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गयी है।
इस संबंध में रुईदास ने बताया कि उनकी पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार के साथ बातचीत हुई है। उनके अनुसार पुलिस आयुक्त ने शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस प्रकार की कथित घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

