परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने किया ऐलान, कहा : पश्चिम बंगाल में अब भगवा रंग में दौड़ेंगी सरकारी बसें
कोलकाता, 07 जुलाई (हि. स.)। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद परिवहन व्यवस्था में कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में अब नई सरकारी बसें भगवा रंग में नजर आएंगी। राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि अब से खरीदी जाने वाली सभी नई सरकारी बसों का रंग भगवा होगा। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब सरकार ने मुहर लगा दी है।
सरकार ने कोलकाता की ऐतिहासिक ट्राम सेवा को नए स्वरूप में पुनर्जीवित करने की योजना बनाई है। इसके तहत लगभग 70 ट्राम मार्गों को फिर से शुरू करने की तैयारी चल रही है। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिणेश्वर से कालीघाट तक नया ट्राम रूट विकसित किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि वाममोर्चा सरकार के समय सरकारी बसों का रंग लाल था, जबकि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने उसे बदलकर नीला-सफेद कर दिया था। उन्होंने कहा कि लाल खतरे का प्रतीक है और नीला-सफेद भ्रष्टाचार की पहचान बन चुका है। भगवा त्याग का प्रतीक है। हमारी सरकार राष्ट्रवाद में विश्वास करती है, इसलिए अब नई सरकारी बसें भगवा रंग में ही दिखाई देंगी।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह एसी-58 रूट पर चलने वाली इको स्पेस-सोनारपुर बस की तस्वीर सामने आई थी, जिसमें बस पारंपरिक नीले-सफेद रंग की बजाय आकर्षक भगवा रंग में दिखाई दी थी। इसके बाद डब्ल्यूबीटीसी के टॉलीगंज डिपो में खड़ी भगवा रंग की बसों की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं।
सॉल्टलेक, न्यू टाउन और विभिन्न धार्मिक पर्यटन स्थलों तक ट्राम नेटवर्क का विस्तार करने की भी योजना है। राज्य सरकार बंद हो चुके कई बस मार्गों को दोबारा शुरू करने, नए रूटों पर बस सेवा शुरू करने और विभिन्न मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रही है। इसी क्रम में अब नई सरकारी बसों को गेरुए रंग में उतारने का फैसला लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

