home page

लोकतंत्र सेनानी सम्मान मिलने पर अरुण प्रकाश मल्लावत को मिली बधाइयां

 | 
लोकतंत्र सेनानी सम्मान मिलने पर अरुण प्रकाश मल्लावत को मिली बधाइयां


कोलकाता, 14 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से लोकतंत्र सेनानी सम्मान से सम्मानित किए जाने पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े अरुण प्रकाश मल्लावत को कोलकाता में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों की ओर से बधाइयां दी गईं।

मल्लावत को वर्ष 1975-76 के आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन करने और करीब तीन महीने प्रेसीडेंसी जेल में रहने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उस समय उनकी उम्र महज 19 वर्ष थी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें लोकतंत्र सेनानी सम्मान प्रदान किया।

अरुण प्रकाश मल्लावत श्री डीडवाना नागरिक सभा के अध्यक्ष, राजस्थान परिषद के महामंत्री तथा श्री बड़ाबाजार कुमारसभा पुस्तकालय के पूर्व अर्थमंत्री रह चुके हैं। वे अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन, बड़ाबाजार लाइब्रेरी, सेठ सूरजमल जालान पुस्तकालय और राम शरद कोठारी स्मृति संघ की कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।

आपातकाल के दौरान आंदोलन में सक्रिय रहने के समय मल्लावत संघ शिक्षा के द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षणार्थी थे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कोलकाता स्थित महाबली सायं शाखा में तरुण शिक्षक का दायित्व निभा रहे थे। उस समय वे उमेश चंद्र कॉलेज, कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर