संगीतकारों ने मुख्यमंत्री से की शिकायत, पूर्व सरकार पर ‘सिंडिकेटराज’ का आरोप
कोलकाता, 02 जून (हि.स.)। राज्य की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के बाद अब संगीत जगत से जुड़े कलाकारों ने भी अपनी शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सामने रखी है। मंगलवार को साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में गायिका ऋद्धि बंद्योपाध्याय, दोला मुखोपाध्याय समेत कई संगीतकार मुख्यमंत्री से मिले और पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के कार्यकाल को लेकर विभिन्न आरोप लगाए।
कलाकारों का आरोप है कि पिछले शासनकाल में संगीत जगत में कथित रूप से “सिंडिकेटराज” चलता था। उनका दावा है कि सरकारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अवसर दिलाने के नाम पर कटमनी ली जाती थी और एक खास समूह से जुड़े कलाकारों को प्राथमिकता दी जाती थी। पूर्व सूचना एवं संस्कृति मंत्री इंद्रनील सेन पर भी उन्होंने पक्षपात के आरोप लगाए।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कई योग्य कलाकारों को केवल राजनीतिक कारणों से सरकारी मंचों पर प्रस्तुति देने का अवसर नहीं मिला। उनका आरोप है कि जो कलाकार तत्कालीन सत्ताधारी दल के करीब नहीं थे, वे लगातार उपेक्षित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि नई सरकार के दौर में कलाकारों को योग्यता के आधार पर अवसर दिए जाएं और कथित भेदभाव की जांच हो।
कलाकारों ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के अनेक स्थानीय कलाकारों को मौका नहीं मिला, जबकि दूसरे राज्यों और विदेशों, विशेषकर बांग्लादेश से आने वाले कलाकारों को कार्यक्रमों में स्थान दिया गया। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से राज्य के कई प्रतिभाशाली कलाकार लंबे समय तक वंचित रहे।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन ने कहा कि वे इस तरह के आरोपों पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में हजारों कलाकारों ने विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति दी है और यदि कोई यह साबित कर दे कि उन्होंने किसी कलाकार से एक रुपये का भी अनुचित लाभ लिया है, तो प्रशासन जो भी कार्रवाई करेगा, उसे वे स्वीकार करेंगे। उन्होंने आरोपों को राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
इस बीच जनसुनवाई कार्यक्रम में केवल कलाकार ही नहीं, बल्कि चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्य भी पहुंचे। दक्षिण 24 परगना के कुलतली निवासी बाबूसेना मंडल ने आरोप लगाया कि चुनाव बाद की हिंसा में उन्होंने अपने छह वर्षीय बेटे को खो दिया था। वहीं उत्तर 24 परगना के रहड़ा की निवासी शर्वाणी राय ने 2014 की चुनावी हिंसा में अपने भाई की मौत का मामला उठाते हुए न्याय की मांग की।
काकद्वीप के निवासी और कैंसर पीड़ित भोलनाथ शी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। उनका कहना है कि इलाज में सहायता के लिए उन्होंने पूर्व सरकार से कई बार गुहार लगाई थी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। अब नई सरकार से उन्होंने चिकित्सा सहायता की उम्मीद जताई है।
मुख्यमंत्री के जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं तथा समाधान और न्याय की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

