home page

बारुईपुर मामले में त्वरित कार्रवाई पर मुख्यमंत्री की अरूप विश्वास ने सराहना की

 | 
बारुईपुर मामले में त्वरित कार्रवाई पर मुख्यमंत्री की अरूप विश्वास ने सराहना की


कोलकाता, 07 जुलाई (हि. स.)। बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद राज्य के पूर्व खेल मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस नेता अरूप विश्वास ने उनकी सराहना की है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि वह हमेशा सही को सही और गलत को गलत कहते आए हैं। मुख्यमंत्री ने अच्छा काम किया है, त्वरित कदम उठाए हैं और दोषियों के लिए कड़ी सजा सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की है। ऐसे कदम की प्रशंसा की जानी चाहिए।

मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बारुईपुर पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का दौरा किया। एसपी कार्यालय में पहले से ही पीड़िता के परिजन मौजूद थे। भीड़ की पिटाई में मारे गए व्यक्ति के परिजन भी वहां उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने एसपी कार्यालय में पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। इस दौरान राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजी) सिद्धिनाथ गुप्ता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता