परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने रामपुर आरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
पश्चिम बर्दवान, 17 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने सोमवार को आसनसोल के चौरंगी मोड़ स्थित रामपुर आरटीओ कार्यालय और चेकपोस्ट का जायजा लिया। मंत्री रघुनाथपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रामपुर आरटीओ कार्यालय पहुंचकर वहां की व्यवस्था, कामकाज और राजस्व संग्रह की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यालय की आधारभूत संरचना और तकनीकी व्यवस्था में कुछ कमियों की बात कही। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग में नई तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जा रहा है और आने वाले समय में विभाग की कार्यप्रणाली को पूरी तरह ऑनलाइन करने पर जोर दिया जाएगा।
अर्जुन सिंह ने कहा कि सरकार का राजस्व बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता है। टैक्स समेत परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आरटीओ कार्यालयों में आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। कार्यालय में होने वाली गतिविधियां सीसीटीवी में रिकॉर्ड होंगी और इसकी निगरानी विभाग के मुख्यालय से की जाएगी। इससे भ्रष्टाचार और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
परिवहन विभाग में हाल की कार्रवाई और गिरफ्तारी को लेकर भी मंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने गलत कार्य किया है तो उसे उसका अंजाम भुगतना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति की गलती के कारण पूरे विभाग का मनोबल प्रभावित नहीं होना चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्था को सामान्य करने तथा उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया गया कि अर्जुन सिंह ने रविवार रात दुर्गापुर में परिवहन विभाग से संबंधित एक बैठक भी की थी। सोमवार को रघुनाथपुर जाने के क्रम में उन्होंने आसनसोल के रामपुर आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। मंत्री ने अधिकारियों को तकनीकी व्यवस्था मजबूत करने, राजस्व संग्रह बढ़ाने और विभागीय कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

