दक्षिण एशियाई थ्रोबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम की दो स्वर्ण पदक विजेताओं को मंत्री अर्जुन सिंह ने किया सम्मानित
कोलकाता, 13 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने गुरुवार को राज्य की दो युवा थ्रोबॉल खिलाड़ियों को सम्मानित किया। न्यू टाउन, उत्तर 24 परगना की आग्नेयी विश्वास और दक्षिण कोलकाता के बेहला-बारिशा की पामेला कुंडू ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दूसरी दक्षिण एशियाई थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
यह प्रतियोगिता 17 और 18 जून 2026 को रांची के खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में पश्चिम बंगाल की दोनों खिलाड़ियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
आग्नेयी विश्वास की उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महज 14 वर्ष छह महीने की उम्र में वह भारतीय टीम की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी थीं। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना उनके खेल करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
सम्मान समारोह के दौरान मंत्री अर्जुन सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर पश्चिम बंगाल का नाम रोशन किया है।
मंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्रम एवं परिवहन विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार ने भी दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके आगामी खेल करियर के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों खिलाड़ियों की सफलता को राज्य में उभरती युवा खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

