home page

आतंकियों की गिरफ्तारी पर मंत्री अर्जुन सिंह का बड़ा बयान, कहा : हताशा में ‘पीसी-भतीजा’ करा रहे हैं सब

 | 
आतंकियों की गिरफ्तारी पर मंत्री अर्जुन सिंह का बड़ा बयान, कहा : हताशा में ‘पीसी-भतीजा’ करा रहे हैं सब


दार्जिलिंग, 03 अगस्त(हि. स.)। पहाड़ के चाय बागानों की समस्याओं के समाधान और बंद बागानों को फिर से शुरू करने के उद्देश्य से राज्य के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह उत्तर बंगाल दौरे पर पहुंचे है। सोमवार को वे कोलकाता से हवाई मार्ग से बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से सीधे पहाड़ की ओर रवाना हो गए।

एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री अर्जुन सिंह ने राज्य के कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। हाल ही में पकड़े गए आतंकियों के मामले पर उन्होंने बड़ा और विवादित बयान देते हुए कहा कि यह सब “हताशा में किया जा रहा है” और इसके पीछे “पीसी-भतीजा” (ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी) का हाथ है। इस दौरान दार्जिलिंग के विधायक नॉमन राय, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के महासचिव रोशन गिरी समेत कई नेता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

अर्जुन सिंह ने कहा कि उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर बंगाल के चाय बागानों का समग्र विकास और श्रमिकों को उनके बकाया अधिकार दिलाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चाय बागान मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी का मुद्दा जल्द सुलझाया जाएगा।

पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिवर्तन नहीं, मजदूरों को उनका अधिकार मिलेगा। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है—न्यूनतम मजदूरी लागू करना, इसमें कोई समझौता नहीं होगा।

बंद चाय बागानों को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में गंभीर है और कई बैठकें की जा चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि जो असामाजिक तत्व बागानों के संचालन में बाधा डाल रहे थे, उन पर दबाव बनाया जा रहा है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने कहा कि उद्योग को चालू रखना बेहद जरूरी है, तभी राज्य विकास के रास्ते पर आगे बढ़ सकेगा।

आतंकी साजिश में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को निशाना बनाए जाने के सवाल पर अर्जुन सिंह ने कहा, “इसके पीछे गहरी साजिश है। पहले भी मैंने उनकी जान को खतरा बताया था, तब मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन मैं आज भी अपने बयान पर कायम हूं। जो कहा था, वह सच था और आज भी सच है।”

इसके अलावा उन्होंने बीरभूम में बरामद अवैध नकदी और मादक पदार्थों के मामले को लेकर भी पूर्व राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब भी बाजार में काला धन फैला हुआ है और आने वाले समय में और गिरफ्तारियां होंगी। असली राहत तब मिलेगी जब ‘पीसी-भतीजा’ की भ्रष्टाचार की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस दिन पीसी और भतीजे का पैसा बरामद होगा उस दिन उन्हें सबसे अधिक खुशी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार