मंत्री अर्जुन सिंह ने मंगपू जनसभा में क्षेत्र के विकास का खाका किया पेश
दार्जिलिंग, 03 अगस्त (हि. स.)। जिले के मंगपू में सोमवार को श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के साथ दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मंगपू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन को दिए जा रहे समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया गया। उक्त सभा में स्थानीय भाजपा विधायक के साथ गठबंधन के नेतागण उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री अर्जुन सिंह में कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव ने पहाड़, तराई, डुवार्स और उत्तर बंगाल के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत की है। अब दिल्ली और कोलकाता दोनों जगह ऐसी सरकार है जो जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और अपने वादों को निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पर्यटन, कृषि और रोजगार सृजन के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। इन पहलों से दार्जिलिंग पहाड़ को पर्यटन, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, जैविक खेती और आर्थिक विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की नींव रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि उपेक्षा के कारण सिनकोना गार्डन के श्रमिकों और वहां की बुनियादी संरचना पर गहरा असर पड़ा है। मंत्री अर्जुन सिंह ने दार्जिलिंग के सिनकोना प्लांटेशन को पुनर्जीवित करने के लिए बेहतर मजदूरी, उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं, श्रमिक आवास, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और आधुनिक प्लांटेशन व्यवस्था लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही मंगपू और सिनकोना क्षेत्र को औषधीय पौधों, अनुसंधान, इको-टूरिज्म और हिमालयी उत्पादों के मूल्य संवर्धन के लिए राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने की दीर्घकालिक योजना भी बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

