home page

अर्जुन सिंह के खिलाफ 10 मामलों में हाई कोर्ट से मिली राहत खत्म, मुकदमों का निपटारा

 | 
अर्जुन सिंह के खिलाफ 10 मामलों में हाई कोर्ट से मिली राहत खत्म, मुकदमों का निपटारा


कोलकाता, 27 अगस्त (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल के अलग-अलग थानों में मौजूदा परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के खिलाफ दर्ज 10 मामलों को लेकर दायर रक्षाकवच याचिका का कलकत्ता हाई कोर्ट ने निपटारा कर दिया। राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि इन मामलों की प्राथमिकी में तथ्यात्मक असंगतियां पाई गई हैं। इसके बाद अदालत ने कहा कि अब रक्षाकवच के मामले में कोई और आदेश देने की आवश्यकता नहीं है।

अर्जुन सिंह के खिलाफ बैरकपुर, नैहाटी और टीटागढ़ समेत विभिन्न थानों में कई प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। अर्जुन ने इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को गलत बताया था और गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग को लेकर हाई कोर्ट का रुख किया था। अदालत ने उन्हें रक्षाकवच भी प्रदान किया था। चुनाव से पहले इस रक्षाकवच की अवधि भी बढ़ाई गई थी।

मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से अदालत को बताया गया कि निचली अदालत में सभी मामलों में अंतिम रिपोर्ट दाखिल की जा चुकी है। वहीं, राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि अर्जुन सिंह के खिलाफ जिन घटनाओं को आधार बनाकर मामले दर्ज किए गए थे, उनमें तथ्यात्मक स्तर पर विवाद और असंगतियां थीं।

राज्य की ओर से दी गई इन जानकारियों के बाद न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने रक्षाकवच से संबंधित याचिका का निपटारा कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों में रक्षाकवच के संबंध में अलग से किसी आदेश की आवश्यकता नहीं है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर