home page

अर्जुन सिंह ने नंदीग्राम और रेजीनगर में जीत का दावा किया, ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर साधा निशाना

 | 
अर्जुन सिंह ने नंदीग्राम और रेजीनगर में जीत का दावा किया, ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर साधा निशाना


कोलकाता, 23 सितंबर (हि. स.)। आगामी उपचुनाव को लेकर राज्य के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर अपनी पार्टी की जीत को लेकर दावा किया। मीडिया के सामने बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि नंदीग्राम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा छोड़ी गई सीट है और वहां उनकी पार्टी की जीत होगी। वहीं, रेजीनगर में भी उन्होंने शुभेंदु अधिकारी सरकार के पिछले चार महीनों के विकास कार्यों को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया।

अर्जुन सिंह ने कहा कि रेजीनगर में जनता विकास के काम को देखकर मतदान करेगी। उन्होंने हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयान सिर्फ खोखली आवाज हैं और जमीन पर उसका कोई असर नहीं है।

अर्जुन सिंह ने इस दौरान तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के सामने राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है। उनके अनुसार, पार्टी अपने पुराने चुनाव चिह्न को भी कायम नहीं रख पा रही है। अर्जुन सिंह ने दावा किया कि आने वाले दिनों में पूरी पार्टी ही खत्म हो जाएगी।

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को मिले नए फुटबॉल चुनाव चिह्न को लेकर भी अर्जुन सिंह ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि समय खराब है और जिस फुटबॉल चिह्न को लेकर ममता बनर्जी का गुट चुनाव लड़ रहा है, वह फुटबॉल भी उनके शब्दों में लिक है। उनका कहना था कि ममता बनर्जी अब कुछ भी संभाल नहीं पाएंगी।

गौरतलब है कि चुनाव चिह्न और पार्टी की पहचान को लेकर तृणमूल कांग्रेस में चल रहे विवाद के बीच ममता बनर्जी के गुट ने फुटबॉल से जुड़े नए चुनाव चिह्न के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी की है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, चुनाव आयोग के फैसले के बाद यह विवाद उपचुनाव से पहले राजनीतिक चर्चा का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा