home page

आरामबाग में तृणमूल कांग्रेस-भाजपा के बीच झड़प, 10 घायल

 | 
आरामबाग में तृणमूल कांग्रेस-भाजपा के बीच झड़प, 10 घायल


हुगली, 01 मई (हि. स.)। आरामबाग महकमे के सालेपुर-एक ग्राम पंचायत के मानिकपाट गांव में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प में कम से कम 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के 10-12 कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थक रंजीत मलिक के घर पर हमला किया और उनकी जमकर पिटाई की। परिवार के सदस्यों ने जब रोकने की कोशिश की, तो घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। बाद में तृणमूल नेताओं ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। पार्टी का दावा है कि उनकी कार्यकर्ता सुलेखा पात्रा एक दुकान पर चाय दे रही थीं, तभी तृणमूल के 20-30 कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने के दौरान अन्य लोग भी घायल हो गए।

दोनों पक्षों के घायलों को इलाज के लिए आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र सेन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है, हालांकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय