home page

नर्सिंग दाखिले के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, आरामबाग में निजी संस्थान के तीन निदेशक गिरफ्तार

 | 
नर्सिंग दाखिले के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, आरामबाग में निजी संस्थान के तीन निदेशक गिरफ्तार


आरामबाग, 05 अगस्त (हि. स.)। नर्सिंग कोर्स में दाखिले और रजिस्ट्रेशन के नाम पर कथित फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरामबाग के एक निजी नर्सिंग संस्थान के तीन निदेशकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान डॉ. मुकुल अहमद, शेख सैयद अहमद और बॉबी चौधरी के रूप में हुई है। नर्सिंग शिक्षा के नाम पर कथित फर्जीवाड़े की घटना से आरामबाग में हड़कंप मचा है।

पुलिस के अनुसार, एक छात्रा ने आरोप लगाया है कि वोकेशनल बोर्ड से पास करने के बाद उसे नर्सिंग कोर्स में दाखिला दिलाने, बोर्ड बदलवाने और रजिस्ट्रेशन कराने का भरोसा दिया गया। इसके बदले उससे किस्तों में लाखों रुपये लिए गए। बाद में छात्रा को दिए गए एडमिट कार्ड, मार्कशीट और अन्य दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह हुआ।

आरोप है कि दूसरे राज्य की एक एकेडमिक काउंसिल के नाम से तैयार किए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद छात्रा ने आरामबाग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के आधार पर मंगलवार रात पुलिस ने निजी नर्सिंग संस्थान से जुड़े तीनों निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले में सिर्फ आर्थिक धोखाधड़ी ही नहीं, बल्कि कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करने के पहलू की भी जांच की जा रही है।

बुधवार को गिरफ्तार तीनों आरोपितों को अदालत में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय