home page

आरामबाग जिला गठन की प्रक्रिया तेज, पुरशुड़ा में संभावित प्रशासनिक ढांचे के लिए स्थलों का निरीक्षण

 | 
आरामबाग जिला गठन की प्रक्रिया तेज, पुरशुड़ा में संभावित प्रशासनिक ढांचे के लिए स्थलों का निरीक्षण


हुगली, 04 अगस्त (हि.स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली प्रशासनिक बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरामबाग को नया जिला बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद से प्रस्तावित आरामबाग जिले की सीमाओं और प्रशासनिक ढांचे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोघाट-1, गोघाट-2, आरामबाग, खानाकुल-1, खानाकुल-2, पुरशुड़ा और तारकेश्वर क्षेत्रों को मिलाकर नए आरामबाग जिले के गठन की संभावना जताई जा रही है। प्रस्तावित जिले में दो महकमा (सब-डिवीजन) बनाए जाने की भी संभावना है—आरामबाग और पुरशुड़ा महकमा।

प्रारंभिक प्रस्ताव के अनुसार, आरामबाग महकमा के अंतर्गत गोघाट-1, गोघाट-2 ब्लॉक, कामारपुकुर नगरपालिका और आरामबाग ब्लॉक को शामिल किया जा सकता है। वहीं, पुरशुड़ा महकमा के तहत खानाकुल-1, खानाकुल-2, पुरशुड़ा और तारकेश्वर ब्लॉक तथा संबंधित नगर निकायों को शामिल किए जाने की संभावना है।

मंगलवार को पुरशुड़ा के विभिन्न संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। आरामबाग के महकमा शासक (एसडीओ), पुरशुड़ा के विधायक बिमान घोष, पुरशुड़ा के बीडीओ और बीएलआरओ ने पुरशुड़ा बीडीओ कार्यालय, कृषि फार्म, विद्यासागर मैदान के पास स्थित विद्यासागर भवन और श्मशान घाट के निकट के क्षेत्रों का दौरा किया।

बताया जा रहा है कि संभावित प्रशासनिक भवनों और कार्यालयों के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के बाद पुरशुड़ा के विधायक बिमान घोष ने कहा कि प्रस्तावित योजना के अनुसार यदि पुरशुड़ा महकमा बनाया जाता है, तो कई प्रशासनिक कार्यालयों की जरूरत होगी। इसी तैयारी के तहत संभावित स्थानों का जायजा लिया गया है। हालांकि, अंतिम निर्णय और प्रशासनिक ढांचा सरकार की आधिकारिक मंजूरी और आगामी निर्देशों पर निर्भर करेगा।

यदि आरामबाग जिले के गठन का प्रस्ताव लागू होता है, तो गोघाट, आरामबाग, खानाकुल, पुरशुड़ा और तारकेश्वर क्षेत्रों की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आ सकता है। इसी कारण नए जिले और महकमे की अंतिम सीमा तथा प्रशासनिक संरचना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय