home page

आरामबाग मेडिकल कॉलेज में दूसरे प्रवेश द्वार का निर्माण शुरू, आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी बड़ी राहत

 | 
आरामबाग मेडिकल कॉलेज में दूसरे प्रवेश द्वार का निर्माण शुरू, आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी बड़ी राहत


हुगली, 18 जुलाई (हि. स.)। लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र सेन सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दूसरे प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य की शनिवार को औपचारिक शुरुआत हो गई। बीडीओ कार्यालय के सामने स्थित अस्पताल की परिधि दीवार का एक हिस्सा हटाकर निर्माण कार्य के प्रारंभिक चरण का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर आरामबाग के विधायक हेमंत बाग, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमाप्रसाद राय तथा अस्पताल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अस्पताल में दूसरे प्रवेश द्वार की मांग लंबे समय से उठ रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने से अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, नया प्रवेश द्वार शुरू होने के बाद आपातकालीन विभाग तक सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी। वर्तमान में अस्पताल में केवल एक मुख्य प्रवेश द्वार होने के कारण कई बार गंभीर मरीजों और एम्बुलेंस को अस्पताल पहुंचने में देरी होती है। दूसरा गेट बनने से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को सीधे इमरजेंसी विभाग तक पहुंचने में सुविधा होगी, जिससे गंभीर मरीजों का उपचार बिना विलंब शुरू किया जा सकेगा।

अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने की दिशा में इस परियोजना को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई प्रशासनिक पहल के तहत वर्षों से लंबित इस परियोजना पर काम शुरू होने से आरामबाग महकमा के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दूसरे प्रवेश द्वार के निर्माण से न केवल मरीजों के आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि अस्पताल परिसर में वाहनों का दबाव भी कम होगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों की परेशानियां भी काफी हद तक कम होंगी।

प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने इसे आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय