मुंडेश्वरी का जलस्तर बढ़ते ही बाढ़ का खतरा, विधायक हेमंत बाग ने लिया स्थिति का जायजा
हुगली, 03 सितंबर (हि. स.)। लगातार हो रही बारिश और डीवीसी से छोड़े गए पानी के कारण मुंडेश्वरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे हुगली के आरामबाग बीडीओ इलाके में नदी किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को आरामबाग के विधायक हेमंत बाग ने नाव से विभिन्न प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
विधायक ने मोलयपुर के दासपाड़ा, चकबेशे और केशवपुर इलाकों में नाव से पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौजूदा हालात की जानकारी ली। बाढ़ की आशंका के बीच प्रभावित परिवारों के बीच विधायक की ओर से तिरपाल सहित आवश्यक राहत सामग्री भी वितरित की गई। विधायक हेमंत बाग ने मुश्किल की इस घड़ी में नदी किनारे रहने वाले लोगों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
मुंडेश्वरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से स्थानीय लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

