home page

सड़क हादसे में तृणमूल प्रत्याशी मीता बाग के पति गंभीर रूप से घायल

 | 
सड़क हादसे में तृणमूल प्रत्याशी मीता बाग के पति गंभीर रूप से घायल


हुगली, 13 अप्रैल (हि.स.)।

आरामबाग में एक सड़क दुर्घटना में तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी मीता बाग के पति गोपाल बाग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार रात की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपाल बाग पेशे से एक टोटो चालक हैं। रविवार को वे तिरोल क्षेत्र से यात्रियों को लेकर आरामबाग बस स्टैंड पहुंचे थे। वहां से घर लौटते समय नेताजी स्क्वायर के पास विपरीत दिशा से आ रहे दो टोटो ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।

टक्कर के कारण उनका टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे गोपाल बाग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र सेन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें आरामबाग के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मीता बाग अपने चुनावी प्रचार को बीच में छोड़कर तुरंत अपने पति के पास पहुंच गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय