रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन को लेकर अरैल घाट क्षेत्र नो ड्रोन जोन घोषित
प्रयागराज, 02 मई (हि.स.)। भारतीय सेना द्वारा अरैल घाट पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ ही प्रशासन ने अरैल घाट और आसपास के निर्धारित क्षेत्र को अस्थायी रूप से नो ड्रोन जोन घोषित किया है। यह जानकारी शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ अजय पाल शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि 2 मई 2026 को शाम 5 बजे से 3 मई 2026 को रात 12 बजे तक अरैल घाट, प्रयागराज एवं उसके निर्धारित परिधि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन अथवा अन्य मानव रहित उड़ान उपकरणों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था बिना सक्षम अनुमति के ड्रोन उड़ाते हुए पाई जाती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सभी संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

