home page

पुलिस के समन पर थाने नहीं पहुंचीं पूर्व सांसद अपरूपा पोद्दार

 | 
पुलिस के समन पर थाने नहीं पहुंचीं पूर्व सांसद अपरूपा पोद्दार


हुगली, 01 जुलाई (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के पार्षद शाकिर अली की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के काम में बाधा डालने के आरोप में पूर्व तृणमूल सांसद अपरूपा पोद्दार के खिलाफ श्रीरामपुर थाने में स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया गया है। मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने मंगलवार रात उन्हें थाने में उपस्थित होने का नोटिस दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद वह बुधवार को थाने नहीं पहुंचीं।

बताया गया था कि अपरूपा पोद्दार को दोपहर करीब 12 बजे श्रीरामपुर थाने में उपस्थित होना था। उनकी संभावित पेशी को देखते हुए थाने में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, लेकिन वह नहीं आईं।

चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के एक अधिकारी ने बताया कि अपरूपा पोद्दार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि आगे की कानूनी कार्रवाई पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।

उधर, भारतीय जनता पार्टी ने अपरूपा पोद्दार के रवैये की आलोचना की है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करना और सरकारी कार्य में बाधा डालना गलत है। उन्हें कानून पर भरोसा रखते हुए थाने में उपस्थित होना चाहिए था।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) शाकिर अली को उनके घर से हिरासत में लेकर कोलकाता के लिए रवाना हो रही थी, तब अपरूपा पोद्दार की पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस हो गई थी। इस दौरान उन्हें यह कहते हुए सुना गया कि मुझे किसी पुलिस सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है। इसी घटना के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय