कोलकाता के एंटाली में ऐप कैब से चालक का शव बरामद, हत्या की आशंका
कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि. स.)। महानगर कोलकाता के एंटाली इलाके में बुधवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक ऐप कैब से चालक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भगवानप्रसाद गुप्ता (45) के रूप में हुई है। उसके चेहरे रक्तरंजित थे और दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, कैब काफी देर से एक स्थान पर खड़ी थी। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एंटाली थाना पुलिस ने कैब का दरवाजा अंदर से बंद पाया। मिस्त्री की मदद से लॉक तोड़कर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लालबाजार की होमिसाइड और डिटेक्टिव विभाग की टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस मृतक की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। परिवार और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

