home page

पुलिस की ओर से डिलीटेड वोटरों को थाने बुलाने और दस्तावेज मांगने पर एपीसीआर ने उठाए सवाल

 | 
पुलिस की ओर से डिलीटेड वोटरों को थाने बुलाने और दस्तावेज मांगने पर एपीसीआर ने उठाए सवाल


कोलकाता, 27 नवंबर (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं (डिलीटेड वोटरों) को पुलिस की ओर से थाने बुलाने अथवा कैंप लगाकर उनसे दस्तावेज मांगने की खबरों के बीच एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर), पश्चिम बंगाल ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मुख्य सचिव और एडिशनल इलेक्टोरल ऑफिसर को ज्ञापन सौंपकर इस कार्रवाई के कानूनी आधार और आधिकारिक अधिसूचना की जानकारी मांगी है।

एपीसीआर की ओर से उमर ओवेसी ने मीडिया संदेश में कहा कि पिछले दिन से हावड़ा सहित पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से लगातार ऐसी खबरें मिल रही हैं कि पुलिस थानों की ओर से डिलीटेड वोटरों को बुलाया जा रहा है। कहीं थानों में बुलाकर तो कहीं कैंप लगाकर लोगों से विभिन्न दस्तावेज मांगे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब संगठन को इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिली, तो संबंधित अधिकारियों से यह जानने की कोशिश की गई कि आखिर किस अधिसूचना और किस कानून के आधार पर पुलिस इस तरह की प्रक्रिया चला रही है। हालांकि, अब तक इस संबंध में किसी आधिकारिक नोटिफिकेशन अथवा नोटिस की जानकारी नहीं मिली है।

उमर ओवेसी ने बताया कि इसी मामले को लेकर एपीसीआर, पश्चिम बंगाल की ओर से राज्य के डीजीपी, मुख्य सचिव और एडिशनल इलेक्टोरल ऑफिसर को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट जवाब मांगा गया है कि यदि डिलीटेड वोटरों से दस्तावेज मांगने अथवा उन्हें थाने बुलाने के संबंध में कोई वैध कानूनी आदेश, अधिसूचना या निर्देश जारी किया गया है, तो उसकी जानकारी संगठन को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने पश्चिम बंगाल के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पुलिस की ओर से इस तरह दस्तावेज मांगे जाने पर लोग बिना किसी आधिकारिक प्रक्रिया के अपने दस्तावेज जमा न करें। यदि पुलिस दस्तावेज देने के लिए दबाव बनाती है, तो संबंधित व्यक्ति दस्तावेज जमा करने की लिखित रिसीविंग जरूर लें। इसके अलावा पुलिस से लिखित नोटिस जारी कर बुलाने की मांग करें, ताकि पूरी प्रक्रिया आधिकारिक और स्पष्ट रहे।

उमर ओवेसी ने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी कार्रवाई के कानूनी आधार की जानकारी लेना जरूरी है। संगठन ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले में स्पष्टता देने की मांग की है, ताकि लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा