बीरभूम रैली में अनुब्रत मंडल ने भाजपा पर साधा निशाना
बीरभूम, 02 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बीरभूम जिले में रविवार को तृणमूल कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में पार्टी नेता अनुब्रत मंडल ने भाजपा और केंद्रीय बलों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केंद्रीय बलों के जरिए उन्हें किसी भी प्रकार से रोका नहीं जा सकेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंडल ने कहा कि पिछले चुनाव में भी उन्हें नजरबंद करने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसका कोई परिणाम नहीं निकला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बल घर-घर तैनात कर दें। हर बार मुझे नजरबंद करते हैं। कर पाए क्या? इस बार भी नहीं कर पाएंगे। मेरा जो काम है, मैं वही करूंगा। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो, इस पर नजर रखूंगा।
सभा में एसआईआर मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा को घेरा। मंडल ने कहा कि ममता बनर्जी ने एसआईआर को लेकर सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ी है। वे सोच रहे थे कि दो करोड़ मुसलमानों के नाम हटा देंगे। उन्होंने क्या गलती की है?
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की गई है। यहां तक कि मृत व्यक्तियों के नाम भी विलोपन सूची में शामिल किए गए हैं। मंडल ने कहा कि बिना नोटिस दिए नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन तृणमूल कार्यकर्ता सतर्क हैं और किसी का नाम मनमाने ढंग से हटाने नहीं दिया जाएगा।
इस दौरान बीरभूम के हासने क्षेत्र से भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर भी उन्होंने कटाक्ष किया। मंडल ने कहा कि पागल क्या नहीं कहता, बकरा क्या नहीं खाता।
उन्होंने दावा किया कि हासने विधानसभा क्षेत्र में इस बार तृणमूल कांग्रेस 40 से 45 हजार मतों से जीत दर्ज करेगी और विपक्ष को खुली चुनौती दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

