मेदिनीपुर में शिक्षा-स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान
मेदिनीपुर, 08 जुलाई। पश्चिम मेदिनीपुर जिला प्रशासन ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को विशेष संयुक्त अभियान चलाया।
जिला स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में पुलिस, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कॉलेज स्क्वायर खड़गपुर के हितकारिणी स्कूल तथा अन्य शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि निर्धारित 100 मीटर की सीमा के भीतर सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, खैनी सहित किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद अथवा नशीले पदार्थों की बिक्री न हो। इस दौरान दुकानदारों को संबंधित कानूनों की जानकारी देकर जागरूक किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा, विशेषकर विद्यार्थियों और आम नागरिकों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

