नवाबहाट के नर्सिंग होम में आग लगने से मचा हड़कंप
आसनसोल, 20 अप्रैल (हि. स.)। बर्दवान के नवाबहाट इलाके में स्थित अन्नपूर्णा नर्सिंग होम में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह नर्सिंग होम 19 नंबर हाईवे के किनारे स्थित है, जहां आग लगते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना के समय नर्सिंग होम के अंदर धुएं का घना गुबार भर गया, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मी ऑक्सीजन मास्क पहनकर अंदर दाखिल हुए और यह सुनिश्चित करने में जुट गए कि कोई मरीज अंदर फंसा न रह जाए। इसी दौरान धुएं के प्रभाव से एक दमकलकर्मी की तबीयत बिगड़ गई, जिसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
नर्सिंग होम के स्टाफ, मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से अंदर भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और सभी की निगाहें राहत कार्य पर टिकी रहीं।
दमकल अधिकारियों का कहना है कि जब तक आग पूरी तरह बुझ नहीं जाती और धुआं खत्म नहीं हो जाता, तब तक नुकसान का सही आकलन करना संभव नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

