home page

17 अगस्त से शुरू होगा अन्नपूर्णा योजना का भुगतान, 10 जुलाई तक आवेदन करने वाली महिलाओं को मिलेंगे तीन हजार रुपये

 | 
17 अगस्त से शुरू होगा अन्नपूर्णा योजना का भुगतान, 10 जुलाई तक आवेदन करने वाली महिलाओं को मिलेंगे तीन हजार रुपये


31 जुलाई तक मिले 2.16 करोड़ आवेदन, सत्यापन पूरा होने के बाद चरणबद्ध तरीके से भेजी जाएगी राशि; 10 अगस्त को जारी होगी पात्रता की अंतिम सूची

कोलकाता, 06 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त की राशि 17 अगस्त से भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को नवान्न में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले चरण में केवल उन महिलाओं को तीन हजार रुपये मिलेंगे, जिन्होंने 10 जुलाई तक आवेदन किया है और जिनके आवेदन सत्यापन में सही पाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 जुलाई तक योजना के लिए 2.16 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों की जांच अंतिम चरण में है। अधिकारियों द्वारा पात्रता, दस्तावेज और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। जिन आवेदनों में कोई त्रुटि नहीं मिलेगी, उन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 10 अगस्त दोपहर दो बजे संबंधित विभाग की मंत्री मालती राभा राव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर पात्रता के सभी मानदंड और लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया सार्वजनिक की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 10 जुलाई तक आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं के खातों में 17 अगस्त से तीन-तीन हजार रुपये भेजे जाएंगे। वहीं 11 जुलाई से 31 जुलाई के बीच आवेदन करने वालों को भुगतान के लिए कुछ और इंतजार करना होगा, क्योंकि उनके आवेदनों का सत्यापन अभी पूरा नहीं हो पाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को मिलेगा। यह राशि भाजपा के संकल्प पत्र और निर्धारित सरकारी मानदंडों के अनुरूप दी जाएगी।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि केवल इस महीने भुगतान 17 अगस्त से शुरू होगा। इसके बाद हर महीने के दूसरे सप्ताह में नियमित रूप से लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पात्र महिलाओं को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराएगी।

-----

फर्जी खबरों से सावधान रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी सूचनाएं फैलाने की कोशिश की जा रही है। सरकार ऐसे मामलों पर नजर रख रही है और फर्जी खबर फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से केवल सरकारी सूचना पर भरोसा करने की अपील की।

संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार की लक्ष्मीर भंडार योजना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस योजना में कई बार भुगतान में देरी हुई और कई महीनों की राशि एक साथ जारी करनी पड़ी थी। उन्होंने दावा किया कि अन्नपूर्णा योजना में सभी आवेदनों का पारदर्शी सत्यापन कर नियमित और व्यवस्थित तरीके से भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा