home page

अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने पर आंगनबाड़ी केंद्रों में ताला जड़कर महिलाओं ने जताया विरोध

 | 
अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने पर आंगनबाड़ी केंद्रों में ताला जड़कर महिलाओं ने जताया विरोध


दक्षिण दिनाजपुर, 17 नवंबर (हि. स.)। अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने के आरोप में जिले के हिली थाना के बिनशिरा ग्राम पंचायत अंतर्गत तीन गांवों की महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों में ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। मंगलवार नाओपाड़ा, पूर्व कृष्णापुर और चकबलराम गांवों में यह प्रदर्शन किया गया। बाद में पुलिस और ब्लॉक प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह तीनों गांवों की सौ से अधिक महिलाओं ने संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों में ताला लगा दिया। इसके कारण केंद्रों में पढ़ाई और अन्य गतिविधियां कुछ समय के लिए बाधित रही। घटना की सूचना पाकर हिली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को बातचीत के लिए थाने बुलाया, जिसके बाद उन्होंने केंद्रों के ताले खोल दिए।

पूर्व कृष्णापुर आंगनबाड़ी केंद्र की शिक्षिका निरुपमा देव मजूमदार ने बताया कि केंद्र खुलने से पहले ही महिलाओं ने ताला लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। उनका विरोध आंगनबाड़ी कर्मचारियों के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उसका वितरण किया गया।

पुलिस के आश्वासन पर दोपहर में बड़ी संख्या में महिलाएं हिली थाने पहुंची। इसके बाद पुलिस और ब्लॉक प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ बैठक की।

नाओपाड़ा के ग्राम पंचायत सदस्य कृष्ण मंडल ने बताया कि अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वासन दिया है कि अगले महीने से अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि मिलने लगेगी। हालांकि, उन्हें कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

वहीं, प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीने से उन्हें योजना की राशि नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन और नेताओं को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसी वजह से उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो वे आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार