home page

अन्नपूर्णा योजना को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की विशाल रैली

 | 
अन्नपूर्णा योजना को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की विशाल रैली


पश्चिम बर्दवान, 11 सितंबर (हि. स.)। आसनसोल उत्तर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के नेतृत्व में अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर विशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ भाजपा की ओर से कई आरोप लगाए गए।

रैली में शामिल भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शीतल सोलंकी ने कहा कि अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर यह रैली आयोजित की गई है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ मिल रहा है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से योजना का लाभ नहीं मिलने का गलत प्रचार किया जा रहा है। रैली में शामिल महिलाओं को देखकर स्पष्ट हो सकता है कि किन महिलाओं को योजना का लाभ मिला है।

शीतल सोलंकी ने कहा कि अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ मिलने के बावजूद तृणमूल कांग्रेस की ओर से गलत प्रचार किया जा रहा है। इसी बात को दिखाने के लिए यह रैली निकाली गई है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं से रैली में शामिल महिलाओं को देखने की अपील की।

रैली में शामिल भाजपा आसनसोल जिला अल्पसंख्यक मोर्चा की अध्यक्ष नाजनीन सबीहा ने कहा कि इस रैली के माध्यम से पश्चिम बंगाल सरकार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के बारे में सोचते हुए अन्नपूर्णा योजना के रूप में पश्चिम बंगाल की महिलाओं को बड़ी सहायता दी है। उनके अनुसार, योजना के तहत महिलाओं को तीन हजार रुपये की राशि मिल रही है।

नाजनीन सबीहा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में करीब 40 हजार महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है और इससे करीब 40 हजार परिवारों को आर्थिक सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया जा रहा है।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच वर्ष पहले लक्ष्मी भंडार योजना शुरू की गई थी, लेकिन विभिन्न शिविरों के आयोजन के बाद धीरे-धीरे लोगों को इसका लाभ मिला। इसके विपरीत भाजपा सरकार बनने के चार महीने के भीतर करीब 40 हजार महिलाओं को तीन हजार रुपये की सहायता मिल चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि यह राशि लक्ष्मी भंडार की राशि से दोगुनी है। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरा विश्वास है कि योग्य और जरूरतमंद महिलाओं का सत्यापन कर उन्हें भी अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ दिया जाएगा और इसके लिए सरकार की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा