अन्नपूर्णा योजना की शर्तों पर कुणाल घोष ने उठाए सवाल
कोलकाता, 23 अगस्त (हि. स.)। अन्नपूर्णा योजना की शर्तों को लेकर तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष ने सवाल उठाए हैं। रविवार को एक पत्रकार सम्मेलन में कुणाल घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बताया है कि योजना के लिए योग्य सभी लोगों को इसका लाभ मिलेगा। ऐसे में सवाल है कि लाभ पाने की पात्रता और शर्तें क्या हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले यह स्पष्ट क्यों नहीं किया गया था कि योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें लागू होंगी। कुणाल घोष ने दावा किया कि चुनाव से पहले लक्ष्मी भंडार की राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने की बात कही गई थी और इसी वजह से कई लोगों ने सरकार के पक्ष में मतदान किया।
गौरतलब है कि अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए राज्य के विभिन्न जिलों में महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। कई महिलाओं ने शिकायत की है कि उन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है।
हालांकि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जो लोग योजना के लिए योग्य हैं, उन्हें निश्चित रूप से अन्नपूर्णा योजना की राशि मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

